उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण में लापरवाही उजागर, चार प्रधानाध्यापक निलंबित

Prakriti Singh20 August 20261 min read28 viewsUttar Pradesh
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण में लापरवाही उजागर, चार प्रधानाध्यापक निलंबित

उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के प्राथमिक विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बच्चों की कम उपस्थिति और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों ने विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का सघन निरीक्षण अभियान चलाया, जिसमें अगस्त माह में लापरवाही और विभिन्न अनियमितताएं सामने आने पर चार प्रधानाध्यापकों को निलंबित कर दिया गया तथा नौ प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

प्रधानाध्यापकों पर निलंबन की कार्रवाई

मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि जिन विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही पाई गई, वहां नियमानुसार कार्रवाई की गई है। निरीक्षण में मिड डे मील योजना में लापरवाही बरतने और स्कूलों में शैक्षिक गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ करने पर प्राथमिक स्कूल रीवन की हेड मास्टर संदीपा कुमारी, अवनी गुप्ता हेडमास्टर प्राथमिक स्कूल भुगैचा, रमाकांत पांडेय हेडमास्टर नेठी व मुन्ना खां हेडमास्टर प्राथमिक स्कूल जराखर को सस्पेंड कर दिया गया।

कारण बताओ नोटिस और चेतावनी

इसके साथ ही क्रांति, राममिलन, अमित सिंह व रमेश चन्द्र आदि अध्यापकों, सुखदेवी, आशा, राजश्री शिक्षा मित्रों व अनुदेशक शीरी हासिम के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न करने की कड़ी चेतावनी दी गई है। जिलाधिकारी ने सभी शिक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षक उपस्थिति, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं और यह निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share:

Comments

Leave a comment