हरजोत कौर बम्हरा ने संभाला बीपीएससी अध्यक्ष का पदभार, बनीं आयोग की पहली महिला अध्यक्ष

1992 बैच की आईएएस अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा ने बुधवार को बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। आयोग की स्थापना वर्ष 1949 में होने के बाद वह इसकी पहली महिला अध्यक्ष बनी हैं। बिहार राजस्व पर्षद की अध्यक्ष रहीं हरजोत कौर के पदभार संभालने के अवसर पर आयोग के सचिव हेमंत कुमार सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और करियर
हरजोत कौर बम्हरा वर्ष 1992 बैच की बिहार कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में एमफिल की उपाधि हासिल की और अमेरिका के ड्यूक विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय विकास में मास्टर डिग्री भी प्राप्त की है।