नालंदा के हरनौत क्षेत्र की नदियों में बढ़ा जलस्तर, तटवर्ती गांवों के लोगों की बढ़ी चिंता

Ghazala Saheb5 September 20261 min read42 viewsBihar
नालंदा के हरनौत क्षेत्र की नदियों में बढ़ा जलस्तर, तटवर्ती गांवों के लोगों की बढ़ी चिंता

नालंदा जिले के हरनौत अंचल क्षेत्र से गुजरने वाली विभिन्न नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। भादो माह शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में कभी मूसलाधार तो कभी रुक-रुककर रिमझिम बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण पंचाने नदी की शाखा, चेरो पंचायत से सटी घोवा नदी सहित क्षेत्र की अन्य नदियों में भी पानी का स्तर बढ़ गया है। इससे नदी किनारे बसे गांवों के लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।

प्रखंड क्षेत्र की डिहरी पंचायत के मुसहरी, हासनचक, चेरो बाजार, नेहुसा पंचायत के दैली-महेशपुर तथा नगर पंचायत क्षेत्र के जोरारपुर सहित कई गांव नदी के तटवर्ती इलाकों में बसे हैं। नदियों के जलस्तर में वृद्धि से इन गांवों में संभावित जलजमाव और बाढ़ की आशंका को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल है। खासकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों के नदी के आसपास जाने से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि नदियों के जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही और बारिश का सिलसिला लगातार बना रहा, तो तटवर्ती इलाकों में लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने तथा संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने की मांग की है।

ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि नदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जाए तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने की अपील किए जाने की जरूरत है।

Share:

Comments

Leave a comment