भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 52 हुई, कूनो नेशनल पार्क की रिपोर्ट में खुलासा

भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 52 हो गई है, जिनमें देश में जन्मे 32 चीते भी शामिल हैं। कूनो नेशनल पार्क में चीता पुनर्वास कार्यक्रम की चार साल की समीक्षा रिपोर्ट जारी की गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार, 49 चीते कूनो नेशनल पार्क में और तीन चीते गांधी सागर अभयारण्य में मौजूद हैं।
नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए चीतों की स्थिति
नामीबिया से लाए गए आठ चीतों में से तीन जीवित हैं और उनके 22 भारतीय मूल के बच्चे हैं, जिससे इस समूह की कुल संख्या 25 हो गई है। दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीतों में से आठ जीवित हैं और उनके 10 भारतीय मूल के बच्चे हैं, जिससे इस समूह की कुल संख्या 18 हो गई है। इनमें से 15 चीते कूनो नेशनल पार्क में और तीन गांधी सागर अभयारण्य में हैं। इसके अलावा, 28 फरवरी 2026 को बोत्सवाना से नौ चीते लाए गए थे।
कूनो नेशनल पार्क में चीतों की वर्तमान स्थिति
कूनो नेशनल पार्क में मौजूद 49 चीतों में से 17 चीते जंगल में हैं, जिनमें 10 नर और सात मादा शामिल हैं। 32 चीते सॉफ्ट रिलीज बोमा के अंदर हैं, जिनमें पांच नर, आठ मादा और एक साल से कम उम्र के 19 शावक शामिल हैं। चार साल पूरे होने पर प्रजनन करने वाली मादाओं की स्थापना और दूसरी पीढ़ी के शावकों का जीवित रहना इस कार्यक्रम का महत्वपूर्ण चरण है।
चार वर्षों का सफर
पहला साल सीखने, ढलने, झटकों और सुधार का चरण रहा, जबकि दूसरे साल प्रजनन में सफलता मिली और 13 शावक एक साल से अधिक समय तक जीवित रहे। तीसरे साल चीतों को खुले जंगल में छोड़ा गया और 12 जिलों में उनकी चौबीसों घंटे निगरानी की गई। चौथा साल स्थापना का चरण रहा है, जिसमें चीतों ने प्राकृतिक व्यवहार दिखाया है और कार्यक्रम का विस्तार अन्य स्थलों पर किया जा रहा है।