मध्य प्रदेश शराब घोटाला: जयराम रमेश ने पीएम मोदी से पूछा- क्या होगी निष्पक्ष जांच?

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने मध्य प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। रमेश ने आरोप लगाया है कि राज्य में जमीन घोटाले के बाद अब मध्य प्रदेश शराब घोटाला सामने आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि क्या इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी?
जीतू पटवारी ने उठाए भ्रष्टाचार के गंभीर सवाल
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शराब ठेकों में भारी अनियमितताओं को लेकर सात बड़े सवाल खड़े किए हैं। पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा कि मध्य प्रदेश में शराब ठेकों का बड़ा खेल चल रहा है, जिसमें 2.75 करोड़ रुपये की फर्जी एफडीआर (FDR) और 1 करोड़ रुपये की कथित घूस का मामला सामने आया है।
पटवारी ने प्रधानमंत्री से पूछा कि आखिर किसके संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है? उन्होंने मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाए और कहा कि अब प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को ही इसका जवाब देना चाहिए। पटवारी द्वारा उठाए गए मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:
- फर्जी एफडीआर का मामला: जब बैंक ने एफडीआर जारी ही नहीं की, तो 2.75 करोड़ रुपये की उस फर्जी एफडीआर को स्वीकार कैसे किया गया?
- नियमों का उल्लंघन: नियमों के विरुद्ध जाकर 22 दिनों की देरी से जमा की गई सिक्योरिटी को क्यों स्वीकार किया गया?
- बिना गारंटी के सुरक्षा: बैंक गारंटी के बिना 76 लाख रुपये की सिक्योरिटी की अनुमति किसने और क्यों दी?
- रिश्वत का आरोप: शराब ठेके दिलाने के लिए 1 करोड़ रुपये की कथित घूस का खेल किसके इशारे पर संचालित हुआ?
'भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान' का लगाया आरोप
जयराम रमेश ने भाजपा शासित राज्यों की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सरकारें 'हम दो, हमारे दो' की भावना से प्रेरित होकर भ्रष्टाचार में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा, "अगर प्रधानमंत्री को इस भ्रष्टाचार को संरक्षण नहीं दे रहे हैं, तो उन्हें निश्चित रूप से जांच का आदेश देना चाहिए।"
रमेश ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री को इस बात की जानकारी होगी कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, जो वर्तमान में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री हैं, उन्होंने भी मध्य प्रदेश सरकार की आलोचना की है। कांग्रेस अब इस पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रही है।