जमुई: दो ट्रकों की भीषण टक्कर, चालक की मौके पर मौत
बिहार के जमुई में दो ट्रकों की टक्कर में एक चालक की मौत हो गई। शव केबिन में फंसा है, पुलिस रेस्क्यू में जुटी है।

बिहार के जमुई जिले में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर दो तेज रफ्तार ट्रकों के बीच आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण दुर्घटना में एक ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसा सुबह करीब 6 बजे मोना चिमनी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक जमुई से सिकंदरा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक सिकंदरा की तरफ से जमुई आ रहा था। दोनों ट्रकों की गति इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद दोनों के अगले हिस्से पूरी तरह चकनाचूर हो गए। टक्कर इतनी भयानक थी कि मृतक चालक का शव ट्रक के केबिन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद दूसरे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मंगाया गया कटर मशीन
दुर्घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंसे चालक के शव को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थिति को देखते हुए जेसीबी और कटर मशीन मंगवाई गई है, ताकि क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर शव को बाहर निकाला जा सके।
फिलहाल मृतक चालक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दोनों ट्रकों के रजिस्ट्रेशन नंबर और कागजातों के आधार पर उसकी शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। शव को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जाएगा।
यातायात हुआ बाधित, पुलिस जांच में जुटी
इस भीषण टक्कर के कारण जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर काफी देर तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। सड़क पर क्षतिग्रस्त ट्रकों के पड़े रहने से जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस क्रेन और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाने का काम कर रही है ताकि यातायात सामान्य हो सके। सिकंदरा पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।