सोनपुर: बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सांसद सिग्रीवाल ने की विशेष पूजा
महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजन और दुग्धाभिषेक किया।

विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर सोनपुर में आज महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मत्था टेका। उन्होंने बाबा के दरबार में पहुंचकर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया दुग्धाभिषेक
सांसद सिग्रीवाल दोपहर करीब तीन बजे मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच बाबा हरिहरनाथ के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने बाबा का विशेष पूजन और दुग्धाभिषेक भी किया।
देश और बिहार की समृद्धि के लिए मांगी दुआ
पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने बाबा से प्रार्थना की कि पूरे हरिहरक्षेत्र, बिहार प्रदेश और पूरे देश में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे। उन्होंने देश के निरंतर विकास और उत्तरोत्तर प्रगति के लिए भी मंगल कामना की।
भव्य स्वागत और सम्मान
सांसद के आगमन पर मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। न्यास समिति की ओर से उन्हें पुष्पमाला पहनाई गई, अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और बाबा हरिहरनाथ का पावन प्रतीक चिह्न भी भेंट किया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में न्यास समिति के अन्य सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।