छपरा में स्व. ब्रजेंद्र बहादुर के आवास पर भव्य झूलन उत्सव आयोजित, गीत-संगीत से सजी शाम

छपरा नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन स्व. ब्रजेंद्र बहादुर के आवास पर झूलन उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन पूर्व आईएएस अधिकारी प्रवीर कृष्ण के संयोजन में हुआ, जिसमें कला, संगीत और पारंपरिक संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक झूलन उत्सव की भावना के अनुरूप गीत-संगीत की प्रस्तुतियों से हुई। प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित रामप्रकाश मिश्र ने अपने गीतों की प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वैभव देव और अनीश अनु सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
पूर्व आईएएस प्रवीर कृष्ण ने कहा कि उनके दादा जी के द्वारा वर्षों से झूलन उत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन किया जा रहा है और ऐसे आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक परंपराएं जीवंत रहती हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
झूलन उत्सव के दौरान गीत-संगीत और पारंपरिक वातावरण ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में शहर के कला एवं संस्कृति से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और संगीत प्रेमी उपस्थित रहे, जिससे छपरा की सांस्कृतिक परंपरा और पारिवारिक विरासत एक बार फिर जीवंत हो उठी।