किशनगंज की बेलवा पंचायत में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का हुआ शुभारंभ

Ghazala Saheb31 August 20261 min read33 viewsBihar
किशनगंज की बेलवा पंचायत में जीविका सुधा बिक्री केंद्र का हुआ शुभारंभ

किशनगंज में ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए सोमवार को बेलवा पंचायत में जीविका सुधा बिक्री केंद्र की शुरुआत की गई है। जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मिलकर फीता काटकर इस केंद्र का उद्घाटन किया और संचालिका रेशमा कुमारी को शुभकामनाएं दीं।

योजना और वित्तीय सहायता

डीएम नवीन कुमार ने बताया कि जिले की सभी 125 पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे। यह केंद्र जीविका और कॉम्फेड के सहयोग से चल रहे हैं और इसके लिए लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन आवेदन व लॉटरी के जरिए हुआ है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की लाभार्थी जीविका दीदियों को इसका लाभ मिल रहा है। केंद्र स्थापित करने के लिए 60 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है और लाभार्थी को 15 हजार रुपये खुद लगाने होते हैं। इस राशि से डीप फ्रीजर, विजी कूलर और डेयरी उत्पाद खरीदे जाते हैं।

ग्रामीणों को मिलने वाले लाभ

संचालिका रेशमा कुमारी ने बताया कि इस केंद्र से उन्हें घर के पास ही रोजगार मिल गया है। इस केंद्र के जरिए ग्रामीण उपभोक्ताओं को सुधा के दूध, दही, लस्सी और मिठाइयां आसानी से मिल सकेंगी। उद्घाटन के मौके पर जीविका डीपीएम अनुराधा चंद्रा, ऋषभ प्रसाद, प्रेम रंजन और अन्य अधिकारी व जीविका दीदियां मौजूद थीं।

Share:

Comments

Leave a comment