जेपीयू प्रशासन हाईकोर्ट के आदेश का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करे: डॉ. रवि प्रकाश बबलू

सारण, 15 सितंबर (हि.स.)। जय प्रकाश विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. रवि प्रकाश बबलू ने सीडब्ल्यूजेसी संख्या 9715/2026 में पटना उच्च न्यायालय द्वारा 1 सितंबर 2026 को पारित आदेश के अनुपालन में हो रहे विलंब पर चिंता जताई है। उन्होंने कुलपति, कुलसचिव और राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर न्यायालय के आदेश का तत्काल अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
वेतन लंबित रहने से हो रही गंभीर आर्थिक कठिनाई
प्रो. रवि प्रकाश ने बताया कि 27 जून 2026 से उनका वेतन लंबित है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि 1 सितंबर को हाईकोर्ट ने शिक्षकों की बिना सहमति की गई प्रतिनियुक्ति और वेतन-उपस्थिति रोकने संबंधी जेपीयू के आदेशों पत्रांक 5599 एवं 5638 को निरस्त कर दिया था।
विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर खड़े हो रहे सवाल
15 दिन बीत जाने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्ति वापसी और वेतन भुगतान को लेकर कोई आधिकारिक पत्र जारी न किया जाना कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। प्रो रवि प्रकाश ने चेतावनी दी है कि यदि समयबद्ध अनुपालन नहीं हुआ, तो वे संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध पटना उच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर करने को विवश होंगे।