कटिहार में 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े का शुभारंभ, दिव्यांगजनों ने लिया संकल्प

कटिहार में 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दिव्यांगजनों की प्रेरक भागीदारी के साथ शुरू हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मरणोपरांत नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता फैलाना और अधिक से अधिक लोगों को संकल्प पत्र भराकर इस पुनीत कार्य से जोड़ना है। यह नेत्रदान पखवाड़ा 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक संचालित होगा, जिसके तहत विभिन्न गतिविधियों के जरिए व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता फैलाई जाएगी।
शिव शंकर रमानी ने दी जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य सलाहकार बोर्ड सदस्य शिव शंकर रमानी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मृत्यु के बाद किया गया नेत्रदान किसी दृष्टिबाधित व्यक्ति के जीवन में नई रोशनी ला सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर दिव्यांगजनों से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने और संकल्प पत्र भरकर नेत्रदान का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने उपस्थित लोगों और समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का हुआ विधिवत उद्घाटन
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन वासुदेव नायक, डॉ. अवधेश देव और जयप्रकाश बारिक ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटनकर्ता वासुदेव नायक ने नेत्रदान को सबसे बड़ी सामाजिक सेवा बताते हुए इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। वहीं डॉ. अवधेश देव ने कहा कि नेत्रदान के माध्यम से जरूरतमंद के अंधकारमय जीवन को रोशन करना ही मानवता की सच्ची सेवा है। विशिष्ट अतिथि जयप्रकाश बारिक ने अभियान की रूपरेखा साझा की।
उपस्थित रहे गणमान्य लोग
इस अवसर पर संस्था के जिला मीडिया प्रभारी विजय कुमार, जुली शर्मा, रवि कुमार दास, आशा आंटी, मुन्ना साह, गोपाल साह, राजीव कुमार सिंह, लेलू मंडल, लक्ष्मी देवी, मोसमात प्रमिला, बैजनाथ यादव, गंगा यादव, रंजना कुमारी, राणा कुमार और जितेंद्र कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।