कटिहार: अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की हत्या से आक्रोश, वकीलों का 'पेन डाउन'

कटिहार न्यायालय परिसर में मंगलवार को उस वक्त सन्नाटा पसरा रहा, जब युवा अधिवक्ता अजीमुद्दीन उर्फ गुड्डू अंसारी की दिनदहाड़े हुई नृशंस हत्या के विरोध में वकीलों ने कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया। अधिवक्ता संघ के निर्णय के बाद वकीलों ने 'पेन डाउन' आंदोलन किया, जिससे अदालतों में न्यायिक कार्यों का बहिष्कार देखा गया। इस घटना को लेकर पूरे अधिवक्ता समुदाय में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।
शोकसभा में दी गई श्रद्धांजलि
अदालती कार्य बहिष्कार के बाद अधिवक्ता संघ भवन में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। संघ के अध्यक्ष महानंद यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में दिवंगत अधिवक्ता को मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंच का संचालन करते हुए संघ के सचिव विजय कुमार झा ने हत्या की कड़ी भर्त्सना की। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की अनिवार्य जिम्मेदारी है।
सुरक्षा की मांग और आर्थिक सहायता का ऐलान
शोकसभा के दौरान वकीलों ने जिले में अपनी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग दोहराई। वक्ताओं ने कहा कि दिनदहाड़े हुई इस बर्बर वारदात से विशेषकर जूनियर अधिवक्ताओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को संबल देने के लिए अधिवक्ता संघ ने 50 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया।
हालांकि, अधिवक्ताओं ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन ने मामले में तत्परता दिखाई है। पुलिस ने इस हत्याकांड में नामजद सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस शोकसभा में प्रमुख रूप से अधिवक्ता सुशील कुमार झा, मुनेश्वर प्रसाद यादव, राजेंद्र कुमार मिश्रा, अशोक कुमार सिंह, विनोद कुमार, भास्कर सिंह, पवन दुबे, यशस्वी कुमार अग्रवाल और महिमा केजरीवाल सहित सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे। सभा के अंत में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।