कटिहार में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत बुनियाद केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान

Ghazala Saheb10 September 20261 min read10 viewsBihar
कटिहार में अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत बुनियाद केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों का हुआ सम्मान

कटिहार में केंद्र प्रायोजित 'अटल वयो अभ्युदय योजना' की उप-योजना एसएपीएससी की राज्य कार्य योजना के तहत गुरुवार को जिले के कटिहार सदर, मनिहारी और बारसोई स्थित बुनियाद केंद्रों में 'इंटर-जनरेशनल बॉन्डिंग एक्टिविटी' (अंतर-पीढ़ीगत तालमेल गतिविधि) का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य नई और पुरानी पीढ़ी के बीच आपसी समझ व सम्मान को मजबूत करना और वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों व कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

सदर बुनियाद केंद्र में सहायक निदेशक यशस्वी ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। आयोजन के दौरान दोनों पीढ़ियों के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए कौशल, पारंपरिक कला-शिल्प व ज्ञान के आदान-प्रदान के साथ संवाद श्रृंखला, पेंटिंग, ड्राइंग, क्विज, सांस्कृतिक संगीत और कहानी-कविता पाठ जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।

उप विकास आयुक्त (डीडीसी) ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों की सेवा और सम्मान स्वाभाविक परंपरा है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सुरक्षा की जानकारी देते हुए बताया कि बुजुर्गों के जीवन, संपत्ति की रक्षा और भरण-पोषण से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए प्रत्येक अनुमंडल में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) की अध्यक्षता में भरण-पोषण अधिकरण गठित है। इस अधिकरण को परिवार न्यायालय (फैमिली कोर्ट) की शक्तियां प्राप्त हैं, जो बुजुर्गों के भरण-पोषण से संबंधित आदेश पारित करता है।

शिविर में समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना और अटल वयोश्री योजना के लाभ व आवेदन प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बुनियाद केंद्र और सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment