कटिहार में डीएओ ने किया डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री का निरीक्षण, खेतों में बनाई किसानों की आईडी

कटिहार में जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) राजीव कुमार ने रविवार को प्राणपुर, कटिहार और बरारी प्रखंडों का सघन क्षेत्र भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में खुद उतरकर लगभग 30 खेतों का डिजिटल क्रॉप सर्वे किया और मौके पर ही 25 किसानों की फार्मर आईडी जनरेट की। इस विशेष अभियान के तहत पूरे जिले में कुल 400 किसानों की फार्मर आईडी तैयार की गई।
फार्मर रजिस्ट्री के लाभ
डीएओ राजीव कुमार ने किसानों को बताया कि फार्मर रजिस्ट्री से भूमि और कृषि संबंधी सारा विवरण एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिलेगा। इससे कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने में पारदर्शिता और सुगमता आएगी। नई जमाबंदी कराने पर खेत का रकबा पूर्व से बनी फार्मर आईडी में स्वतः जुड़ जाएगा, इसलिए किसान अपनी जमाबंदी का विवरण सही रखें।
फसल निरीक्षण और कीट नियंत्रण
क्षेत्र भ्रमण के दौरान डीएओ ने प्राणपुर बीज उत्पादन प्रक्षेत्र में संकर धान और उरद की फसल का जायजा लिया। उरद की फसल में भुआ कीट का प्रकोप मिलने पर उन्होंने कीटनाशक का तुरंत छिड़काव करने का निर्देश दिया। संकर धान की फसल संतोषजनक पाई गई और सुंडी कीट के खतरे को देखते हुए खेतों में बर्ड पर्च लगाने और रस्सी चलाने की सलाह दी गई।
अधिकारियों को निर्देश
डीएओ ने योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे और फार्मर रजिस्ट्री का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन जरूरी बताया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर किसानों को जागरूक करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।