कटिहार में वार्षिक पत्रिका जिला उर्दू नामा के लिए 5 अक्टूबर तक मंगाई गईं साहित्यिक रचनाएं और आलेख

कटिहार जिला उर्दू भाषा कोषांग द्वारा वार्षिक पत्रिका जिला उर्दू नामा के नवीन अंक के प्रकाशन के लिए रचनाएं आमंत्रित की गई हैं। स्थानीय और बाहरी लेखक, बुद्धिजीवी तथा साहित्यकार अपनी साहित्यिक रचनाएं भेज सकते हैं। जिलाधिकारी से अनुमोदन मिलने के बाद रचनाएं जमा करने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर तय की गई है।
प्रमुख विषय और रचना भेजने का माध्यम
रचनाएं उर्दू भाषा और साहित्य के इतिहास, वर्तमान स्थिति, विकास तथा कटिहार जिले की सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि पर आधारित होनी चाहिए। रचनाकार अपनी अप्रकाशित रचनाएं इनपेज उर्दू में टाइप करवाकर या साफ हाथ से लिखकर पूरे पते, फोन नंबर और रंगीन फोटो के साथ ई-मेल पर भेज सकते हैं। इसे समाहरणालय स्थित उर्दू भाषा कोषांग कार्यालय में खुद जाकर भी जमा कराया जा सकता है।
नियम और शर्तें
रचनाओं में किसी देश, राज्य, धर्म, जाति या व्यक्ति के खिलाफ कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं होनी चाहिए। चयन समिति द्वारा स्वीकृत अप्रकाशित रचनाएं ही छापी जाएंगी। प्रकाशित होने वाली रचना के बदले किसी को कोई पैसा या मानदेय नहीं दिया जाएगा।