कटिहार में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू करने के दिए निर्देश

कटिहार में नदियों के जलस्तर में वृद्धि और बाढ़ से उत्पन्न गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने रविवार को वरीय अधिकारियों की टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के अनुसार राहत और बचाव कार्यों को तुरंत शुरू करने के कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कुरसेला प्रखंड के तीनघरिया पंचायत स्थित मालगोदाम पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और जरूरतमंदों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण कराया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी पीड़ित परिवार को खुले आसमान के नीचे न रहना पड़े और इसके लिए सुरक्षित आश्रय स्थलों की व्यवस्था की जाए। अंचलाधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को अपने क्षेत्रों में लगातार कैंप करने तथा तटबंधों की सुरक्षा, शुद्ध पेयजल, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, जीवनरक्षक दवाएं और पशु चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आवश्यकतानुसार कम्युनिटी किचन और नावों का परिचालन तुरंत शुरू करने को कहा गया है। इस निरीक्षण के दौरान बरारी विधायक विजय सिंह के साथ डीडीसी नेहा कुमारी, एसडीओ सूरज कुमार और अन्य तकनीकी विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।