कटिहार के डीएस कॉलेज में 27 अगस्त को होगा खेलो इंडिया संवाद का आयोजन

कटिहार में 27 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में खेलो इंडिया संवाद का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कटिहार स्थित दर्शन साह महाविद्यालय (डी.एस. कॉलेज) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई और मेरा युवा भारत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देशव्यापी वर्चुअल संबोधन होगा। प्रधानमंत्री युवाओं को खेल, शारीरिक तंदुरुस्ती और विकसित भारत@2047 के दृष्टिकोण के तहत राष्ट्र-निर्माण से जुड़ने का संदेश देंगे।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर परिचर्चा सत्र आयोजित होगा। इसमें स्थानीय खिलाड़ी, युवा प्रेरणास्रोत और जन-प्रतिनिधि खेल बुनियादी ढांचे में विकास और आगामी खेलों की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर युवाओं के लिए विशेष पंजीकरण अभियान भी चलाया जाएगा। प्रतिभागी क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल सुझाव पेटी में अपने सुझाव दर्ज करा सकेंगे और प्रश्नोत्तरी का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।