कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज में 'तेजस' जिला कार्यशाला आयोजित, युवाओं को दिए गए स्टार्टअप के गुर

कटिहार इंजीनियरिंग कॉलेज के सभागार में 'तेजस डिस्ट्रिक्ट वर्कशॉप 2026' का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर नवाचार को बढ़ावा देना और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करना है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के स्टार्टअप इंडिया और स्टार्टअप बिहार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और नवोदित उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, मेंटरशिप, फंडिंग और स्टार्टअप की संभावनाओं की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त के विचार
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने स्टार्टअप नीतियों की उपयोगिता और जिले में नवाचार आधारित माहौल तैयार करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को नए विचारों के साथ आगे आने के लिए प्रेरित किया। उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी ने कहा कि तेजस जैसी पहल युवाओं को सही मार्गदर्शन देती है। उन्होंने बताया कि स्टार्टअप स्वरोजगार के साथ नए रोजगार भी सृजित करते हैं।
प्राचार्या और महाप्रबंधक के संबोधन
कॉलेज की प्राचार्या डॉ. रंजना कुमारी ने छात्रों में नवाचार आधारित सोच विकसित करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने वाले के बजाय रोजगार देने वाला उद्यमी बनना चाहिए। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मितेश कुमार शांडिल्य ने सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता की जानकारी दी। तकनीकी सत्र में स्टार्टअप इंडिया के प्रतिनिधि शेषांश सिन्हा ने स्टार्टअप इकोसिस्टम और फंडिंग तंत्र की बारीकियां समझाईं।
प्रतियोगिताओं के विजेता
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों की प्रतिभा परखने के लिए दो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बेस्ट प्रोटोटाइप प्रतियोगिता में काजल कुमारी को प्रथम, जगदीप सिंह को द्वितीय और आशीष कुमार को तृतीय पुरस्कार मिला। पिच प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में 'रोड विजन एआई', 'ब्लिस बाइट' और 'घरसेतु' को सम्मानित किया गया। यह कार्यशाला युवाओं को अपने विचारों को सफल उद्यम में बदलने का मंच प्रदान करती है।