कटिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों का प्रभारी सचिव ने लिया जायजा, दिए निर्देश

बिहार सरकार के परिवहन सचिव सह कटिहार जिला प्रभारी सचिव राजकुमार ने मंगलवार को कुरसेला प्रखंड के तीनघरिया पंचायत अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिला प्रशासन को बाढ़ पीड़ितों तक त्वरित राहत पहुंचाने और जीआर वितरण कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में प्रभारी सचिव ने बाढ़ पीड़ित परिवारों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर संचालित सामुदायिक रसोई, मेडिकल कैंप, पशु राहत शिविर और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह प्रभावितों के साथ खड़ी है और किसी भी परिवार को बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी।
इस मौके पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सहित जिले के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को जलस्तर पर निरंतर निगरानी रखने और स्वास्थ्य शिविरों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया।