कटिहार बाढ़: डीएम की सख्ती से गोबराही दियारा के मवेशियों तक पहुंचा चारा

Ghazala Saheb13 September 20261 min read13 viewsBihar
कटिहार बाढ़: डीएम की सख्ती से गोबराही दियारा के मवेशियों तक पहुंचा चारा

कटिहार जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में अंतिम व्यक्ति तक राहत पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर रविवार को उफनती गंगा नदी को नाव से पार कर गोबराही दियारा में पशुचारा पहुंचाया गया। कुरसेला प्रखंड के अंतर्गत गंगा पार स्थित इस दुर्गम इलाके में बाढ़ पीड़ितों और उनके मवेशियों की समस्याओं को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित गति से राहत सामग्री भेजी।

गोबराही दियारा क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों का दर्द जानने और जमीनी हकीकत परखने के लिए बीते दिनों जिलाधिकारी स्वयं खेरिया घाट से गंगा की तेज लहरों के बीच नाव की सवारी कर गोबराही दुर्गा स्थान टोला पहुंचे थे। उन्होंने दुर्गा स्थान टोला और घाट टोला का सघन भ्रमण कर जलमग्न बस्तियों, विस्थापित परिवारों की स्थिति और पशुचारे की उपलब्धता का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों को बिना किसी देरी के हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया था।

कुरसेला प्रखंड की पूर्वी और दक्षिणी मुरादपुर पंचायत का हिस्सा होने और गंगा नदी के उस पार बसे होने के कारण गोबराही दियारा में राहत सामग्री पहुंचाना हमेशा से एक बड़ी भौगोलिक चुनौती रहा है। बाढ़ के बीच जिलाधिकारी के स्वयं मौके पर पहुंचने और राहत कार्य शुरू कराने से दियारा में फंसे सैकड़ों परिवारों में उम्मीद जगी है।

प्रशासन ने भौगोलिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए गोबराही दियारा के ग्रामीणों के लिए नियमित रूप से बड़ी सरकारी नावें तैनात कर दी हैं। इन नौकाओं के जरिए दियारा वासियों को मुख्य भू-भाग तक आने-जाने, सुरक्षित निकासी और राशन सहित दैनिक उपयोग की सामग्रियों की ढुलाई में सहूलियत मिल रही है।

Share:

Comments

Leave a comment