कटिहार बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार सख्त, आपदा प्रबंधन मंत्री ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा ने कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड के बाढ़ प्रभावित नया टोला का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को पॉलीथिन शीट बांटी और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। - मंत्री ने सामुदायिक रसोई, पशु राहत शिविर, मेडिकल कैंप और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। - जिलाधिकारी और अन्य वरीय अधिकारी निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे।
बाढ़ प्रभावितों से मिले मंत्री
आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा ने बुधवार को कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड स्थित बाढ़ प्रभावित नया टोला वार्ड संख्या-01 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया और जिला प्रशासन को सभी प्रभावित परिवारों तक त्वरित राहत पहुंचाने तथा जीआर यानी अनुग्रह राशि वितरण कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
सुविधाओं का लिया जायजा
दौरे के क्रम में आपदा प्रबंधन मंत्री ने पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने क्षेत्र में संचालित सामुदायिक रसोई, पशु राहत शिविर, मेडिकल कैंप तथा शुद्ध पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री श्री सादा ने कहा कि राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी नागरिक को दाने-दाने या बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
अधिकारियों की मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने मंत्री को जिले में चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया।