कटिहार के मॉडल स्कूलों में क्लास लेंगे प्रशासनिक पदाधिकारी, डीएम ने दिए निर्देश

Ghazala Saheb1 September 20262 min read27 viewsBihar
कटिहार के मॉडल स्कूलों में क्लास लेंगे प्रशासनिक पदाधिकारी, डीएम ने दिए निर्देश

कटिहार के सभी नव-उत्क्रमित एवं स्थापित 'सरस्वती विद्या निकेतन' (मॉडल स्कूलों) में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रशासनिक पदाधिकारियों को विद्यालयों से जोड़ा गया है। मंगलवार को समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने निर्देश दिया कि नामित पदाधिकारी स्कूलों में सूक्ष्म पर्यवेक्षण के साथ खुद विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे और उनका मार्गदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री द्वारा राज्य में 551 आधुनिक सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों का लोकार्पण किया गया है, जिनका उद्देश्य स्मार्ट क्लासरूम, ई-लाइब्रेरी, आधुनिक विज्ञान व कंप्यूटर लैब और खेलकूद जैसी सुविधाओं के जरिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है। इसी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को स्कूलों की सीधी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, जिले का कोई भी अन्य इच्छुक पदाधिकारी अपनी रुचि के अनुसार विद्यालय व विषय चुनकर स्वेच्छा से अध्यापन कार्य कर सकता है।

अधिकारियों के जिम्मे होगा अध्यापन और सघन पर्यवेक्षण

निर्देश के अनुसार, नामित पदाधिकारी प्रत्येक सप्ताह आवंटित स्कूल में अपनी शैक्षणिक योग्यता और अभिरुचि के अनुसार एक से दो या उससे अधिक कक्षाएं स्वयं लेंगे। वे कमजोर विद्यार्थियों के लिए चलने वाली 'रेमेडियल क्लास' की निगरानी, आधुनिक लैब व स्मार्ट क्लास के नियमित उपयोग, शिक्षकों की समय पर उपस्थिति तथा सिलेबस को समय पर पूरा कराने का काम सुनिश्चित करेंगे। सभी पदाधिकारी अपनी साप्ताहिक कक्षा और निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) को सौंपेंगे, जिसे समेकित कर डीएम के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रत्येक शनिवार को साप्ताहिक टेस्ट और नियमित पीटीएम के निर्देश

जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापकों को स्कूलों में नियमित रूप से पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (पीटीएम) आयोजित करने का निर्देश दिया है। छात्रों के विकास के लिए खेलकूद को दैनिक रूटीन में अनिवार्य रूप से शामिल करने, प्रत्येक शनिवार को नियमित साप्ताहिक टेस्ट आयोजित करने और पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। साथ ही स्कूलों में बच्चों के स्कूल छोड़ने की दर को कम करने और उपस्थिति बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment