कटिहार में जनता के द्वार पहुंची नगर सरकार, 4 वार्डों में लगे सहयोग शिविर और मौके पर हुआ समस्याओं का निपटारा

कटिहार में नागरिकों को वार्ड स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए मंगलवार को चार अलग-अलग स्थानों पर सहयोग शिविर लगाए गए। इन शिविरों में नगर निगम से जुड़ी शिकायतों का पंजीकरण और मौके पर ही त्वरित निष्पादन किया गया।
शिविर का हुआ शुभारंभ
शिविर का मुख्य शुभारंभ वार्ड संख्या 31 स्थित सामुदायिक भवन में महापौर ऊषा देवी अग्रवाल, उप महापौर मंजूर खान, नगर आयुक्त संतोष कुमार और वार्ड पार्षद पिंकी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया। वार्ड 31 के अलावा यह शिविर वार्ड संख्या 11 के दुर्गा मंदिर परिसर, वार्ड संख्या 26 के नाशिरगंज मैदान और वार्ड संख्या 42 के हवा महल परिसर में भी आयोजित किए गए।
जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी
इन शिविरों में नगर निगम के विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया और नई शिकायतों का समाधान शुरू हुआ। इस दौरान संबंधित वार्डों के जनप्रतिनिधियों पार्षद सागर पासवान, गजाला खातून और जासमीन खातून ने सक्रिय भागीदारी निभाई और आमजन से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
दफ्तर के चक्कर से राहत
नगर निगम प्रशासन के अनुसार इन शिविरों का उद्देश्य नागरिक सेवाओं को पारदर्शी और सुलभ बनाना है। स्थानीय स्तर पर समाधान मिलने से नागरिकों को सामान्य कार्यों के लिए निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।