80 लाख की स्मैक के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, कटिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कटिहार पुलिस ने बंगाल से बिहार लाई जा रही 80 लाख रुपये की स्मैक बरामद की है। इस मामले में 4 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

कटिहार जिले की रोशना थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर एक बड़ा प्रहार करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बंगाल से बिहार लाई जा रही करीब 80 लाख रुपये मूल्य की 816 ग्राम स्मैक बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलों के साथ पकड़े गए हैं।
महानंदा चेकपोस्ट पर पुलिस की घेराबंदी
यह पूरी कार्रवाई पश्चिम बंगाल सीमा से सटे महानंदा चेकपोस्ट के पास हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ व्यक्ति पश्चिम बंगाल से अवैध मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप लेकर बिहार की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही रोशना थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ महानंदा चेकपोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया।
जांच के दौरान जैसे ही पुलिस टीम संदिग्धों के सामने आई, दोनों बाइकों पर सवार चारों युवकों ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों की तत्परता के कारण उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये आंकी गई है।
कौन हैं ये शातिर तस्कर?
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तस्करों में पश्चिम बंगाल और बिहार के निवासी शामिल हैं। उनकी पहचान इस प्रकार है:
- फैज मोमिन (निवासी: शेरशाह पूरी, कालियाचक, मालदा, पश्चिम बंगाल)
- आसिफ मोमिन (निवासी: शेरशाह पूरी, कालियाचक, मालदा, पश्चिम बंगाल)
- मो. जिशान (निवासी: मीरगंज, पूर्णिया, बिहार)
- मो. असहाब (निवासी: मीरगंज, पूर्णिया, बिहार)
पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस इस गिरोह के अन्य संपर्कों और तस्करी के नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचा जा सके।