कटिहार में बिना सरकारी खर्च के स्कूली बच्चों को कोडिंग सिखा रहे तकनीकी कॉलेजों के प्रोफेसर

कटिहार जिले में स्कूली छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर बिना किसी अतिरिक्त सरकारी खर्च के स्कूली बच्चों के लिए कंप्यूटर कोडिंग सिखाने की विशेष व्यवस्था की गई है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न तकनीकी कॉलेजों के प्रोफेसर स्वेच्छा से विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर के जरिए कोडिंग की कक्षाएं दे रहे हैं।
छात्र-छात्राओं में उत्साह
कम उम्र में ही कोडिंग का व्यावहारिक ज्ञान मिलने से विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता और नैसर्गिक प्रतिभा का बेहतर विकास संभव हो सकेगा। कंप्यूटर और कोडिंग की इन कक्षाओं को लेकर छात्र-छात्राओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।
जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
मंगलवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने नवाबगंज स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कोडिंग सीख रही छात्राओं से सीधा संवाद कर उनके अनुभव जाने और कक्षा संचालन की प्रगति का जायजा लिया।