कटिहार में 17 सितंबर से शुरू होगा माहव्यापी सेवा संकल्प अभियान, आशीर्वाद के दीये से रोशन होंगे ऐतिहासिक स्थल

कटिहार में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक माहव्यापी सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच जन-जन तक सुनिश्चित करना है। इस अभियान का औपचारिक आगाज 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी भवनों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों, पंचायत सरकार भवनों और ऐतिहासिक व पौराणिक स्थलों पर आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित कर किया जाएगा।
जिलाधिकारी की बैठक और अभियान का उद्देश्य
इस संबंध में सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक जनभागीदारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज के अंतिम व्यक्ति को प्रशासन से जोड़ना है। इसके तहत सरकार आपके द्वार की अवधारणा के अनुरूप सेवा सेतु अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई कर उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित होगा। दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में योजनाओं के लाभार्थियों के साथ-साथ नगर निकाय, जन वितरण प्रणाली विक्रेता और गैस वितरक संस्थाएं भी सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगी।
विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां
अभियान के दौरान युवाओं और बच्चों को जोड़ने के लिए विद्यालयों व महाविद्यालयों में सेवा चित्र के तहत विकसित भारत और जनकल्याणकारी विषयों पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं सेवा स्मरण के माध्यम से प्रमुख योजनाओं की उपलब्धियों को नाटकों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी तथा श्रेष्ठ नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए हैकथॉन व इनोवेशन चैलेंज का आयोजन होगा। योजनाओं के सफल प्रभाव को सामने लाने के लिए लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को कहानी बदलाव की के तहत रील्स और लघु कथाओं के माध्यम से प्रसारित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी कर्मियों के सम्मान में आंगन का मिलन, रचनात्मक प्रस्तुति के लिए ह्यूमन रंगोली तथा अधिकारियों व नागरिकों को समाजसेवा से जोड़ने के लिए सेवा मेरा योगदान जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। जिला प्रशासन का प्रयास इस अभियान को समाज के हर वर्ग की सहभागिता से एक जनआंदोलन का रूप देना है।