कटिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण का काम हुआ तेज, 57 गांवों का अंतिम प्रकाशन पूरा

कटिहार के सभी 16 अंचलों में जमीन के विशेष सर्वेक्षण का कार्य तेजी से प्रगति पर है। प्रथम चरण के अंतर्गत कोढ़ा, फलका और कुर्सेला अंचल के कुल 178 राजस्व ग्रामों में सर्वेक्षण कार्य अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है।
इनमें से अब तक 151 राजस्व गांवों का अंतिम प्रारूप प्रकाशन प्रपत्र-20 पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा 57 राजस्व ग्रामों में प्रपत्र-25 के तहत अंतिम प्रकाशन की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई है।
द्वितीय चरण के तहत जिले के शेष 13 अंचलों के 1336 राजस्व ग्रामों में भी सर्वेक्षण की प्रक्रिया जारी है। अब तक 365 राजस्व ग्रामों में किस्तवार, 75 गांवों में खानापुरी और 17 राजस्व ग्रामों में लैंड पार्सल मैप यानी एलपीएम का वितरण कार्य संपन्न हो चुका है।
जिला प्रशासन बाढ़ और मानसूनी बारिश के असर को देखते हुए विशेष कार्ययोजना तैयार कर रहा है। इससे सर्वेक्षण कार्य को पूर्व निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही पूर्ण कराया जा सके।
इस अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 11 शिविर प्रभारी और 261 अमीन कार्यरत हैं। जलस्तर घटते ही मैदानी सत्यापन और तकनीकी कार्यों को और अधिक रफ्तार दी जाएगी।