कटिहार के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 25 अगस्त को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, समस्याओं का होगा समाधान

Ghazala Saheb24 August 20261 min read53 viewsBihar
कटिहार के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 25 अगस्त को लगेगा विद्यार्थी सहयोग शिविर, समस्याओं का होगा समाधान

कटिहार, 24 अगस्त (हि.स.)। सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार जिले के सभी डिग्री कॉलेजों, तकनीकी एवं आवासीय विद्यालयों में मंगलवार (25 अगस्त) को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को आयोजित होने वाले इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक समस्याओं का एक ही छत के नीचे त्वरित व समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों से छात्रावास, छात्रवृत्ति, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, संस्थानों की आधारभूत संरचना, शुद्ध पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, गुणवत्तापूर्ण भोजन, सुरक्षा एवं परिवहन से संबंधित शिकायतें ली जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिविर में मिलने वाली सभी शिकायतों को पंजीकृत कर 'विद्यार्थी सहयोग पोर्टल' पर अपलोड किया जाएगा, ताकि उच्च स्तर से उनके निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।

डीएम के निर्देशानुसार यह शिविर जिले के सभी डिग्री कॉलेजों के अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय, ओबीसी व अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में लगेगा। इसके साथ ही सभी आईटीआई, पॉलिटेक्निक, एएनएम, जीएनएम और पैरामेडिकल संस्थानों में भी संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ और सीओ के साथ-साथ विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, भवन प्रमंडल तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं को अपने विभागीय अधिकारियों व अभियंताओं की उपस्थिति अनिवार्य करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने सभी शिविर स्थलों पर शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को सजग और सतर्क रहने का निर्देश दिया है।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अपने-अपने संस्थानों में आयोजित होने वाले विद्यार्थी सहयोग शिविर में सक्रिय रूप से भाग लें और अपनी जायज समस्याओं को प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका पारदर्शी व प्रभावी निवारण किया जा सके।

Share:

Comments

Leave a comment