कटिहार में भाई को बचाने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने एक घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को दबोचा

Ghazala Saheb22 August 20261 min read64 viewsBihar
कटिहार में भाई को बचाने पहुंचे युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने एक घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को दबोचा

कटिहार में आपसी विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका भाई इस घटना में घायल हो गया। पोठिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को हत्या में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

घायल पीड़ित त्रिलोकी रविदास (उम्र 22 वर्ष), जो कि स्व. केदार रविदास के पुत्र और पोठिया के निवासी हैं, उन्होंने पुलिस को बयान दिया कि पूर्व विवाद को लेकर सौरभ कुमार यादव से उनका झगड़ा हुआ था। इसी दौरान सौरभ ने चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

जब त्रिलोकी को बचाने उनके भाई गणेश रविदास पहुंचे, तो आरोपी ने गणेश पर भी चाकू से जानलेवा वार कर दिया। गंभीर हालत में गणेश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर पोठिया थाने में कांड संख्या 213/26 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सौरभ कुमार यादव को घटना के एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment