खाकी महाराज मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्ति के रंग में डूबा छातापुर
सुपौल के छातापुर में श्री श्री 108 खाकी महाराज मंदिर का सातवां वार्षिक महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। जानें क्या है पूरा कार्यक्रम।

सुपौल जिले के छातापुर स्थित बस पड़ाव परिसर में इन दिनों भक्ति की बयार बह रही है। श्री श्री 108 खाकी महाराज मंदिर के सातवें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी तांता लगा हुआ है। चार दिवसीय इस भव्य आयोजन के तीसरे दिन भी मंदिर परिसर भक्तिमय गीतों और कीर्तन की गूंज से सराबोर रहा।
भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
महोत्सव को भव्य रूप देने के लिए मंदिर परिसर में एक विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है। आकर्षक रोशनी और सुंदर सजावट ने पूरे आयोजन स्थल को जगमगा दिया है। दूर-दराज से आई विभिन्न कीर्तन मंडलियों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान स्थानीय नर्तकी मंडली ने 'हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे' महामंत्र की धुन पर मनमोहक नृत्य पेश किया, जिसे देखकर श्रद्धालु भक्ति और संगीत के रंग में पूरी तरह सराबोर नजर आए।
48 घंटे का अखंड जाप और समापन की तैयारी
आयोजन समिति के सदस्य सुमन कुमार ने बताया कि बाबा खाकी महाराज की स्थापना के समय से ही इस उत्सव को वार्षिक महोत्सव के रूप में मनाया जाता रहा है। इस वर्ष भी सातवां वार्षिक महोत्सव बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार की रात को 48 घंटे तक चलने वाले अष्टयाम और अखंड जाप का समापन होगा।
शनिवार को होगा विशेष भगैत कार्यक्रम
महोत्सव के चौथे और अंतिम दिन यानी शनिवार को विशेष भगैत कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुपौल के प्रसिद्ध कलाकार श्याम पंजियार अपनी टीम के साथ श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करने वाली प्रस्तुति देंगे। इसके बाद आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ इस चार दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्य बबलू चौधरी, पप्पू यादव, मो. सजीर, बलराम सिंह, सरोज यादव, पवन भगत, जयकृष्ण यादव, कुंदन पासवान, लखन शर्मा सहित बस पड़ाव के कर्मी, स्थानीय व्यवसायी और युवा पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं।