सुपौल के एचपी साह कॉलेज में खेलो इंडिया संवाद का आयोजन, छात्रों ने उठाई खेल सुविधाएं बढ़ाने की मांग

सुपौल में हरि प्रसाद साह कॉलेज, निर्मली में गुरुवार को भारत सरकार के खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए खेलों के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खेलो इंडिया प्रशिक्षक संजय रॉय ने विद्यार्थियों को खेलो इंडिया अभियान के उद्देश्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनसे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. कृष्णा चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास भी बहुत जरूरी है। खेलों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बताते हुए उन्होंने छात्रों से खेलो इंडिया अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन भी सुना। इसके बाद नशामुक्त भारत बनाने तथा खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया। विद्यार्थियों ने कॉलेज में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
छात्रों ने विशेष रूप से कॉलेज के खेल मैदान को आधुनिक बनाने तथा शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक की नियुक्ति की मांग रखी। विद्यार्थियों का कहना था कि बेहतर खेल सुविधाएं मिलने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे तथा मंच संचालन दीपक कुमार ने किया।