किशनगंज में सात दिनों का अतिक्रमण अभियान: 1.25 लाख जुर्माना वसूला और नालों पर बने पक्के निर्माण तोड़े

किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र को जाम और अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के सातवें दिन बुधवार को खगड़ा इलाके में कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी नवीन कुमार के आदेश और अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है।
खगड़ा इलाके में चली बुलडोजर कार्रवाई
खगड़ा मेला गेट से खगड़ा करबला होते हुए यामाहा शोरूम तक अतिक्रमण हटाया गया। नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज के नेतृत्व में सड़क और नाला क्षेत्र का अतिक्रमण हटाया गया। कई स्थानों पर नालों के ऊपर पक्की सीढ़ियां और अन्य निर्माण हटाए गए। जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को तोड़कर जगह को समतल कराया गया।
अतिक्रमणकारियों पर जुर्माना और सख्त चेतावनी
नगर प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को जुर्माना लगाने के साथ सख्त हिदायत दी कि वे अवैध निर्माण खुद हटा लें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्देश का पालन नहीं करने पर नगर परिषद दोबारा अभियान चलाएगी। सात दिनों से लगातार चल रहे अभियान के दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर कार्रवाई की गई।
प्रमुख मार्गों पर चली कार्रवाई
इमलीगोला चौक से पश्चिमपाली चौक, चूड़ीपट्टी चौक, रमजान पुल से फल चौक, लोहारपट्टी रोड से मोतीबाग चौक, गांधी चौक से धर्मगंज रेलवे गुमटी, रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड तथा कॉलटेक्स चौक से पूरबपाली चौक होते हुए एमजीएम गेट नंबर एक तक अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर प्रशासन ने कुल 1.25 लाख रुपये जुर्माना भी वसूल किया। कार्रवाई के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।