पटाखे की चिंगारी से दहला किशनगंज: कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग
किशनगंज के नेमचंद रोड पर पटाखों की चिंगारी से कपड़े की दुकान की चौथी मंजिल में आग लग गई। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

किशनगंज के नेमचंद रोड पर रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दीपावली के जश्न के बीच एक कपड़े की दुकान की ऊपरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। पटाखों की एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को धुएं के गुबार से भर दिया।
आसमान में उठा धुएं का गुबार, मची दहशत
मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली के अवसर पर लोग पटाखे फोड़ रहे थे। इसी दौरान निकली एक चिंगारी कपड़े की दुकान की चौथी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे वहां आग लग गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। चौथी मंजिल से उठते धुएं और लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
दमकल विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा
आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तीन दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए एक छोटी और दो बड़ी दमकल गाड़ियों का उपयोग किया गया। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत करने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास की अन्य दुकानों और इमारत के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
कोई जनहानि नहीं हुई
अग्निशमन पदाधिकारी इंद्रदेव कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल तीन दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया था। काफी प्रयासों के बाद आग को बुझा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद काफी देर तक नेमचंद रोड पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।