किशनगंज के कोचाधामन कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन, मिले दो आवेदन

Ghazala Saheb25 August 20261 min read28 viewsBihar
किशनगंज के कोचाधामन कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन, मिले दो आवेदन

किशनगंज में नवसृजित राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोचाधामन में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में सर्व शिक्षा अभियान की डीपीओ रूबी कुमारी मौजूद रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

छात्रों ने रखी अपनी मांगें

शिविर के दौरान यूजी सेमेस्टर-1 की समाजशास्त्र की छात्रा रिया ने महाविद्यालय में शौचालय निर्माण की मांग को लेकर आवेदन दिया। वहीं अंग्रेजी विषय की छात्रा पायल ने पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। डीपीओ ने विद्यार्थियों से कहा कि कॉलेज से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे लिखित आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

नियमित रूप से होगा शिविर का आयोजन

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सजल प्रसाद ने कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के उद्देश्य से सभी महाविद्यालयों एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को शिविर का नियमित रूप से आयोजन किया जाएगा। प्रधानाचार्य ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर एलएईओ द्वारा महाविद्यालय में शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है और कार्यकारी एजेंसी की ओर से पेयजल की समुचित व्यवस्था के लिए जल्द ही मोटर लगाया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment