किशनगंज में बाल विवाह पर डीएम का बड़ा एक्शन, बोले- अब नहीं होगी यह कुप्रथा!
किशनगंज डीएम नवीन कुमार ने बाल विवाह के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। अब बाल विवाह कराने वालों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई।

किशनगंज में बाल विवाह को जड़ से मिटाने के लिए जिला प्रशासन ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के मौके पर आयोजित एक जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जिले में बाल विवाह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति बाल विवाह आयोजित करने में शामिल होगा, उसे बढ़ावा देगा या उसमें सहयोग करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सामाजिक बुराई नहीं है, बल्कि बच्चों के मौलिक अधिकारों, शिक्षा और उनके स्वास्थ्य के साथ किया जाने वाला एक गंभीर अन्याय है।
समाज को बनना होगा ढाल
डीएम ने प्रशासन के साथ-साथ समाज की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि किशनगंज को बाल विवाह मुक्त बनाना केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक संकल्प होना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आगे आएं, ताकि उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ अपने सपने पूरे करने का अवसर मिले।
जन आंदोलन बनाने की तैयारी
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और आईसीडीएस नोडल पदाधिकारी बंदना पांडेय ने बताया कि इस मुहिम को एक जन आंदोलन का रूप देना होगा। इसके लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं, एएनएम और पंचायत प्रतिनिधियों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाएं और बाल विवाह की किसी भी सूचना को तुरंत अधिकारियों तक पहुंचाएं।
इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने बाल विवाह के कानूनी, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए स्वास्थ्य कर्मियों और महिला पर्यवेक्षिकाओं ने भी हिस्सा लिया।