किशनगंज में चाय और किराना दुकान की आड़ में नशे का कारोबार, दो सगे भाई गिरफ्तार

Ghazala Saheb5 September 20261 min read44 viewsBihar
किशनगंज में चाय और किराना दुकान की आड़ में नशे का कारोबार, दो सगे भाई गिरफ्तार

किशनगंज में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पोठिया थाना पुलिस ने शनिवार को दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है जो चाय और किराना दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरीहाट वार्ड संख्या-09 निवासी जमीरुल शाह और सज्जाद शाह के रूप में हुई है, जो अख्तर साह के पुत्र हैं।

छापेमारी में बरामद हुआ नशीला पदार्थ

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों भाई अपनी दुकान की आड़ में नशीले पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 5.97 ग्राम एमडीएमए तथा 10.54 ग्राम स्मैक जैसा नशीला पदार्थ बरामद किया गया है जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पोठिया थानाध्यक्ष कैप्टन संजय पांडे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि नशीले पदार्थ उन्हें कहां से मिलते थे और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share:

Comments

Leave a comment