बिहार में चैंपियन बनी किशनगंज फुटबॉल टीम, अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएगी दम

किशनगंज की टीम ने सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है और अब वह राष्ट्रीय स्तर पर जिले व बिहार का प्रतिनिधित्व करेगी। सुब्रतो कप नेशनल टूर्नामेंट का आयोजन 15 से 23 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किशनगंज की टीम रविवार की सुबह रवाना होगी।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से की मुलाकात
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रवाना होने से पहले शनिवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार ने टीम के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों, प्रतियोगिता के अनुभव और अपेक्षाओं की जानकारी ली तथा उनकी बातों को गंभीरता से सुना।
खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि किशनगंज की टीम ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। अब राष्ट्रीय स्तर पर भी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करें। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सुब्रतो कप जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरें और किशनगंज के साथ बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें। डीएम ने टीम को हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन का भरोसा दिलाते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाधिकारी से मिले प्रोत्साहन के बाद खिलाड़ियों में खासा उत्साह और आत्मविश्वास नजर आया। किशनगंज की टीम के राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने से जिले के खेल जगत में भी उत्साह का माहौल है।