किशनगंज में गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा माहौल, पंडालों में उमड़ी भारी भीड़

Ghazala Saheb14 September 20261 min read8 viewsBihar
किशनगंज में गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा माहौल, पंडालों में उमड़ी भारी भीड़

किशनगंज में गणपति उत्सव को लेकर इन दिनों आस्था और उल्लास का माहौल है। महावीर मार्ग स्थित विष्णु मंदिर और इंटर हाई स्कूल मैदान स्थित मातृ मंदिर में बनाए गए गणपति पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। सोमवार को दोनों पूजा स्थलों पर बीस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन किए। सुबह से देर शाम तक दोनों पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

गणपति दर्शन के लिए लगी लंबी कतारें

गणपति के दर्शन के लिए सुबह से ही महिलाओं, युवाओं और बच्चों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विघ्नहर्ता गणेश से सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और शांति की कामना की। कई श्रद्धालु परिवार के साथ पंडाल पहुंचे और पूजा-अर्चना के बाद भव्य सजावट का भी आनंद लिया। दोनों पूजा पंडालों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।

भव्य सजावट और महाआरती का आयोजन

रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और विशाल गणेश प्रतिमाएं श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही हैं। शाम होते ही रोशनी से सजे पंडालों की खूबसूरती और बढ़ जा रही है और पूजा स्थलों पर नियमित रूप से पूजा-पाठ, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। शाम की महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम

शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के लिए स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है। पूजा समितियां और प्रशासन आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में जुटे हैं।

Share:

Comments

Leave a comment