किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 290 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 290.07 ग्राम हेरोइन और स्मैक बरामद की गई है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। यह जानकारी एसपी संतोष कुमार ने शनिवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
सदर थाना क्षेत्र में हुई छापेमारी
पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के खगड़ा करबला चौक के पास की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संयुक्त टीम के साथ घेराबंदी कर एक महिला को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 18.19 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के मोजमपुर निवासी शैली खातून के रूप में हुई है। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह कालियाचक से हेरोइन लेकर किशनगंज डिलीवरी देने पहुंची थी।
दूसरी कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के सिंहिया कुलामनी में की गई। पुलिस ने सूचना के आधार पर अकबर आलम के घर पर छापेमारी की जहाँ 103.88 ग्राम हेरोइन और स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने अकबर आलम को गिरफ्तार करने के साथ उसकी निशानदेही पर रूईधासा निवासी अभिषेक कुमार को भी गिरफ्तार किया। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 290.07 ग्राम हेरोइन और स्मैक, 1.28 लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत और गिरोह के लिंकेज का पता लगाने में जुटी है। बरामद मोबाइल की तकनीकी जांच भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। एसपी संतोष कुमार ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।