किशनगंज में 60 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस और एसएसबी की बड़ी कार्रवाई

Ghazala Saheb7 September 20262 min read10 viewsBihar
किशनगंज में 60 लाख की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस और एसएसबी की बड़ी कार्रवाई

किशनगंज पुलिस और सीमा सशस्त्र बल (एसएसबी) ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 308.45 ग्राम हेरोइन के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करों के पास से एक मोटरसाइकिल और भारतीय मुद्रा भी बरामद की है।

वाहन जांच के दौरान हुई गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 6 सितंबर को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में किशनगंज पुलिस और एसएसबी की टीम हैदर नगर मस्जिद के पास संयुक्त वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान तैयबपुर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही दोनों मोटरसाइकिल घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उन्हें रोक लिया और तलाशी ली।

आरोपियों के पास से बरामद हुआ सामान

तलाशी के दौरान फुलहारा निवासी मो. मोहसीन और पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के कालुगंज निवासी जयरूल के पास से 308.45 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा मोटरसाइकिल और नकदी भी जब्त की गई। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे मिलकर मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री करते हैं।

मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य लोगों तथा हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है। पुलिस ने अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई करने की भी बात कही है। मामले में दिघलबैंक थाना कांड संख्या 266/26, दिनांक 6 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी), 21(सी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment