किशनगंज में बड़ी कार्रवाई: 438 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज की पाठामारी पुलिस ने पिकअप से 438 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। मधेपुरा का तस्कर गिरफ्तार, पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

किशनगंज जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पाठामारी थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने न केवल 438.03 लीटर विदेशी शराब जब्त की, बल्कि शराब से लदी एक पिकअप गाड़ी और उसके चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पेट्रोल पंप के पास पुलिस की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को पाठामारी थाना क्षेत्र के अमलझाड़ी पेट्रोल पंप के समीप पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की तलाशी ले रही थी।
इसी दौरान ठाकुरगंज की ओर से आ रही एक पिकअप (नंबर RB43GB0936) के चालक ने पुलिस बल को देखते ही वाहन भगाकर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस ने तुरंत वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें से कुल 438.03 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मधेपुरा का रहने वाला है पकड़ा गया तस्कर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधेपुरा जिले के बखरी गांव निवासी ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है। वह दीप नारायण यादव का पुत्र है। पुलिस ने इस मामले में पाठामारी थाना कांड संख्या 44/2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
तस्करी के नेटवर्क को खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले के 'फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज' की जांच की जा रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस अवैध कारोबार से अर्जित की गई संपत्ति का पता चलता है, तो उसे भी नियमानुसार जब्त किया जाएगा। इस छापेमारी दल में ठाकुरगंज अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंथ, पाठामारी के प्रभारी थानाध्यक्ष अनील कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि किशनगंज को नशामुक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।