किशनगंज में विद्यालयों के सामने पिंक पेट्रोलिंग शुरू करने की उठी मांग, एसपी को सौंपा गया आवेदन

किशनगंज में नगर क्षेत्र के प्रमुख विद्यालयों के सामने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पिंक पेट्रोलिंग फिर से शुरू करने की मांग उठी है। इस संबंध में शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री साहिल कुमार ने पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को आवेदन देकर विद्यालयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आग्रह किया है।
विद्यालयों के बाहर असामाजिक तत्वों की गतिविधियां
नगर क्षेत्र में कई विद्यालय संचालित हैं, जहां कक्षा एक से 12वीं तक सैकड़ों छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं। विद्यालयों में छुट्टी के समय और अन्य समय पर कुछ असामाजिक तत्व मोटरसाइकिल से विद्यालयों के आसपास अनावश्यक रूप से घूमते और भीड़ लगाते देखे जाते हैं, जिससे छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बनता है। आवेदन के अनुसार, कई बार ऐसे लोगों द्वारा छात्र-छात्राओं को रोकने का प्रयास भी किया जाता है।
पुलिस प्रशासन का सहयोग जरूरी
विद्यालय प्रशासन अपने स्तर से परिसर के अंदर विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण देने का प्रयास करता है, लेकिन विद्यालय के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस का सहयोग आवश्यक है। साहिल कुमार ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश और समाज का भविष्य हैं और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण देना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने एसपी से छुट्टी के समय विशेष रूप से पिंक पेट्रोलिंग की व्यवस्था पुनः शुरू करने की मांग की है ताकि असामाजिक तत्वों पर रोक लग सके।