किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अगस्त माह में 300 गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा और स्मैक बरामद

Ghazala Saheb2 September 20261 min read23 viewsBihar
किशनगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अगस्त माह में 300 गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा और स्मैक बरामद

किशनगंज पुलिस ने अगस्त माह में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एक से 31 अगस्त तक कुल 300 गिरफ्तारियां की गईं। इस दौरान अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और बाइक चोरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। वाहन जांच और यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती बरती गई।

मादक पदार्थ और शराब बरामद

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 637.04 ग्राम स्मैक, 233.94 ग्राम एमडीएमए और 80.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा 1,548.405 लीटर विदेशी शराब और 151 लीटर देशी शराब जब्त की गई, तथा 190 लीटर जावा नष्ट किया गया। गांधी चौक स्थित जीवन ज्योति दवा दुकान में हुई शटर कटवा चोरी का भी उद्भेदन किया गया।

वाहन और अन्य सामान जब्त

पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 130 मवेशी बरामद किए गए और अपराधियों के पास से विभिन्न प्रकार के वाहन जब्त किए गए। जब्त वाहनों में छह ट्रक, नौ ट्रैक्टर, 15 मोटरसाइकिल, पांच कार, एक स्कॉर्पियो, एक बोलेरो, एक टेंपो, एक टोटो और छह पिकअप शामिल हैं। इसके अलावा 27 मोबाइल, चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 110 बोरा यूरिया खाद और चोरी से जुड़े अन्य सामान बरामद किए गए।

शमन राशि और अपील

यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में वाहनों से 35 लाख 11 हजार 265 रुपये शमन राशि वसूल की गई। पुलिस ने बताया कि अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आपात स्थिति में डायल-112 तथा साइबर ठगी की स्थिति में 1930 पर सूचना देने की अपील की गई है।

Share:

Comments

Leave a comment