किशनगंज पुलिस का बड़ा एक्शन: 58 गिरफ्तार, 81 किलो गांजा और भारी मात्रा में शराब बरामद

किशनगंज पुलिस ने वांछित अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 58 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर 24 से 30 अगस्त के बीच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई। इस अभियान के तहत अवैध बालू, शराब, मादक पदार्थ, पशु तस्करी, गृहभेदन और बाइक चोरी के मामलों में कार्रवाई की गई।
साप्ताहिक उपलब्धि और बरामदगी
पुलिस ने वाहन जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर 4 लाख 3 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला। अभियान के दौरान 57.58 ग्राम स्मैक, ब्राउन शुगर और हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये है। इसके अलावा 80.900 किलोग्राम गांजा भी जब्त किया गया। शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 692.205 लीटर विदेशी शराब और 44 लीटर देसी शराब बरामद की गई, जबकि 20 लीटर जावा शराब को नष्ट किया गया।
वाहन और अन्य सामान की जब्ती
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन मोटरसाइकिल, एक कार, चार टोटो और एक जुगाड़ गाड़ी जब्त की। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन मवेशी, चांदी के तीन पायल, दो बैटरी व इन्वर्टर, पांच सीसीटीवी कैमरे और 30 पैकेट यूरिया बरामद किए गए। विभिन्न मामलों में पुलिस ने 6 लाख 98 हजार 70 रुपये भारतीय मुद्रा भी जब्त की है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने साइबर ठगी से बचने के लिए तुरंत 1930 पर या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।