किशनगंज में बड़ा पुलिस फेरबदल, 28 पदाधिकारियों का तबादला और कई थाना प्रभारी बदले गए

किशनगंज जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने 28 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में एक पुलिस निरीक्षक, चार पुलिस अवर निरीक्षक और 23 पीटीसी शामिल हैं। यह सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
थानाध्यक्षों पर कार्रवाई और नए प्रभार
पुलिस अधीक्षक के आदेश के मुताबिक बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा गर्वनडांगा थानाध्यक्ष कुंदन कुमार और छतरगाछ पिकेट प्रभारी शैलेश कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। किशनगंज थाना में तैनात एसआई राजू कुमार को बिशनपुर थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस केंद्र में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार को छतरगाछ पिकेट का नया प्रभारी बनाया गया है।
अन्य अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां
पुलिस निरीक्षक मकसूद आलम अशर्फी को त्वरित विचारण कोषांग और अभियोजन कोषांग के प्रभारी के साथ विधि-व्यवस्था शाखा का अतिरिक्त प्रभार मिला है। पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह को गोपनीय शाखा और पुलिस अधीक्षक का जनसंपर्क पदाधिकारी बनाया गया है। राम अवतार यादव, संजय कुमार, अभय कुमार चौधरी, कमलेश कुमार दास, कुंदन पंजियारा, ब्रज बिहारी पांडेय, कुमारी सुमन सिन्हा, मुकेश कुमार और उपेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को विभिन्न थानों और ईआरवी में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारियों को तुरंत नए स्थान पर योगदान करने का निर्देश दिया गया है।