किशनगंज के शिक्षक शहजाद अनवर राजा को मिलेगा राजकीय शिक्षक सम्मान

किशनगंज जिले के शिक्षा जगत के लिए गौरव का क्षण है क्योंकि सदर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बेलवा काशीपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक शहजाद अनवर राजा को वर्ष 2026 के राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित किया गया है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित कुल 38 शिक्षकों को इस अवसर पर सम्मान प्रदान किया जाएगा।
शहजाद अनवर राजा के सम्मान के लिए चयनित होने की खबर मिलते ही मध्य विद्यालय बेलवा काशीपुर, माध्यमिक विद्यालय बेलवा काशीपुर सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने इसे किशनगंज जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।
शिक्षा के क्षेत्र में शहजाद अनवर राजा लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ उन्होंने डिजिटल एवं आईसीटी आधारित शिक्षण, नवाचारी गतिविधियों, खेल एवं अनुभवात्मक शिक्षा पर विशेष जोर दिया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और पढ़ाई को रुचिकर बनाने की दिशा में भी उनके प्रयासों की सराहना की जाती रही है। विद्यालय शिक्षा को समुदाय से जोड़ने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने, अभिभावकों को विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ने तथा विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता अभियानों को विद्यालय स्तर पर संचालित करने में उन्होंने सक्रियता दिखाई। छात्राओं के सशक्तीकरण और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के क्षेत्र में भी उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं।
राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने पर क्षेत्र के शिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षा प्रेमियों ने शहजाद अनवर राजा को बधाई दी। लोगों ने कहा कि उनका यह सम्मान जिले के अन्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का काम करेगा।
सम्मान के लिए चयनित होने पर बुधवार को शहजाद अनवर राजा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके विद्यार्थियों, सहकर्मियों, अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों के स्नेह, सहयोग और विश्वास का परिणाम है।