किशनगंज में ट्रक डकैती कांड का बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर अपराधी गिरफ्तार

Ghazala Saheb16 September 20261 min read11 viewsBihar
किशनगंज में ट्रक डकैती कांड का बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय गिरोह के चार शातिर अपराधी गिरफ्तार

किशनगंज पुलिस ने बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एनएच-327ई पर ट्रक रोककर सोयाबीन ऑयल लूटने के मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के चार आरोपितों को उत्तर प्रदेश और पूर्वी चंपारण से गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटकांड में प्रयुक्त ट्रक, 189 डब्बा रिफाइंड तेल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

घटना के संबंध में जानकारी के अनुसार 7-8 सितंबर की रात करीब दो से तीन बजे ट्रक संख्या WB61B6566 जोगबनी से गुवाहाटी जा रहा था। ट्रक पर सोयाबीन ऑयल के करीब 1500 डब्बे लदे थे। बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एनएच-327ई पर अपराधियों ने ट्रक को रोककर चालक और खलासी को बंधक बना लिया। इसके बाद ट्रक को नटुआपाड़ा स्थित ईंट भट्ठा के पास ले जाकर करीब 450 डब्बे तेल दूसरे ट्रक में लोड कर फरार हो गए। इस मामले में बहादुरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के बाद एसपी संतोष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कांड के उद्भेदन का निर्देश दिया था। एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। टीम ने उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र से शहजाद को घटना में प्रयुक्त ट्रक के साथ गिरफ्तार किया।

पुछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने पूर्वी चंपारण में छापेमारी कर संजय कुमार मखरिया, दीपक सुल्तानिया और दीपक कुमार को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लूटे गए 189 डब्बा रिफाइंड तेल बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार कांड में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है तथा मामले में विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

Share:

Comments

Leave a comment