किशनगंज में बड़ी कार्रवाई: लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में दो पुलिस पदाधिकारी निलंबित

किशनगंज में कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने दो पुलिस पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में बिशनपुर थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी और अभियोजन शाखा के पुलिस अवर निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय शामिल हैं। दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
बिशनपुर थानाध्यक्ष पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने 30 जून को बिशनपुर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान थाना के कई अभिलेखों और विभिन्न कांडों के निष्पादन में गंभीर त्रुटियां पाई गईं। थानाध्यक्ष अंजनी कुमार तिवारी का स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर उन पर कर्तव्यहीनता और वरीय पदाधिकारी के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप लगा है।
पुअनि विनोद कुमार पांडेय निलंबित
अभियोजन शाखा में पदस्थापित पुअनि विनोद कुमार पांडेय के खिलाफ सिपाही गौतम कुमार ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में ड्यूटी के दौरान गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया था। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस प्रशासन की सख्त नीति
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही और भ्रष्ट आचरण के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।