किशनगंज: मुख्यमंत्री उद्यमी योजना में पैसे मांगने के आरोप पर होगी उच्चस्तरीय जांच

मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत लाभार्थियों से उपयोगिता प्रमाण पत्र की जांच रिपोर्ट देने के नाम पर अवैध राशि मांगने का मामला सामने आया है। किशनगंज जिला उद्योग केन्द्र के उद्योग विस्तार पदाधिकारी गोविन्द झा पर यह आरोप लगा है और उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। आरोपियों के खिलाफ कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा भी किया गया है। पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने मुख्यमंत्री को ई-मेल भेजकर इसकी शिकायत की थी।
शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय ने मामले को गंभीरता से लिया है। उद्योग विभाग के सचिव को अग्रतर कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। मुख्यमंत्री सचिवालय के विशेष कार्य पदाधिकारी इन्द्रवीर कुमार ने 14 जुलाई 2026 को यह पत्र जारी किया है। पत्र में मामले की छानबीन कर नियमानुसार उचित निर्णय लेने का अनुरोध किया गया है।
पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने बताया कि उन्हें इस संबंध में पटना से स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र मिला है। उद्योग विभाग की ओर से अब इस मामले की जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही इन सभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।