सांसद द्वारा कोशी के मुद्दों को लोकसभा में उठाने पर मोर्चा ने जताया आभार

Ghazala Saheb26 August 20262 min read51 viewsBihar
सांसद द्वारा कोशी के मुद्दों को लोकसभा में उठाने पर मोर्चा ने जताया आभार

सहरसा, 26 अगस्त (हि.स.)। कोशी क्षेत्र के ज्वलंत एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रमुखता से उठाने के लिए मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिनेश चंद्र यादव के प्रति कोशी विकास संघर्ष मोर्चा की ओर से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मोर्चा के अध्यक्ष विनोद कुमार झा एवं संरक्षक प्रवीण आनंद सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सांसद महोदय से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा कोशी क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं एवं विकास संबंधी विषयों पर सार्थक चर्चा की।

सांसद ने दिया समस्याओं के समाधान का आश्वासन

सांसद दिनेश चंद्र यादव ने मोर्चा के अध्यक्ष एवं संरक्षक को आश्वस्त किया कि कोशी प्रक्षेत्र की समस्याओं को वे लगातार राज्य एवं केंद्र सरकार के समक्ष उठाते रहें हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनभावनाओं एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जिन योजनाओं का शीघ्र क्रियान्वयन जनहित में अत्यंत उपयोगी है, उसके लिए संबंधित सरकारों एवं विभागों से आवश्यक पहल की जाएगी।

बैठक में इन प्रमुख विकास कार्यों पर हुई चर्चा

बैठक में प्रमुख रूप से कोशी प्रक्षेत्र में एम्स अस्पताल की तर्ज पर कैंसर अस्पताल की स्थापना, पंचगछिया में संगीत महाविद्यालय की स्थापना, सहरसा–सुपौल मुख्य मार्ग पर पटोरी–बिहरा, तुलसियाही, पंचगछिया–दुर्गापुर तथा बेला–बगरौली में ऊपरी पुलों का निर्माण तथा पटोरी चौक से नवहट्टा तक सड़क के चौड़ीकरण सहित अन्य महत्वपूर्ण सड़क एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही सहरसा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना, पंडित मंडन भारती कृषि महाविद्यालय को कृषि विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने, मत्स्यगंधा झील के शेष तीन किनारों पर सीढ़ी निर्माण, संत कारू बाबा के नाम पर पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना तथा सहरसा नगर निगम की दयनीय स्थिति में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।

मोर्चा ने सांसद के प्रयासों की सराहना की

कोशी विकास संघर्ष मोर्चा ने कहा कि कोशी क्षेत्र लंबे समय से विकास की अनेक मूलभूत चुनौतियों से जूझ रहा है। ऐसे में जनहित के इन महत्वपूर्ण मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से उठाना तथा राज्य एवं केंद्र सरकार से उनके शीघ्र क्रियान्वयन की मांग करना अत्यंत सराहनीय पहल है। मोर्चा ने कहा कि कोशी के विकास एवं जनहित के मुद्दों को निरंतर मजबूती से उठाने के लिए सांसद दिनेश चंद्र यादव निश्चित रूप से धन्यवाद के पात्र हैं। मोर्चा को विश्वास है कि उनके प्रयासों से कोशी क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं को गति मिलेगी और आने वाले समय में क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ प्राप्त होगा।

Share:

Comments

Leave a comment